ठंड ने अपना असर दिखाना किया शुरू, इन राज्यों में हो सकती है बारिश

ठंड ने अपना असर दिखाना किया शुरू,  इन राज्यों में हो सकती है बारिश

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है लेकिन इसके बावजूद कुछ राज्य ऐसे हैं, जहां अभी भी बारिश होने की संभावना है। बीते 2 दिनों में दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में चक्रवाती तूफान ने अपना असर दिखाया है। वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में कमी देखी गई है। 

कैसा है आज का दिल्ली का मौसम?

12 दिसंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज हो सकता है। सुबह के वक्त कोहरे के अलावा तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है, जिससे प्रदूषण कुछ कम हो सकता है। 

यूपी में क्या है मौसम का मिजाज?

यूपी की राजधानी लखनऊ में 12 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज हो सकता है। यहां भी सुबह के समय कोहरा होने की संभावना है। इसके अलावा नोएडा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री होने की संभावना जताई गई है। हालांकि नोएडा में दिन के समय आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है। 

महाराष्ट्र में हो सकती है बारिश

13 दिसंबर तक उत्तरी मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। ये जानकारी मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी स्काईमेट के हवाले से सामने आई है। इसमें ये भी कहा गया है कि मुंबई में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है।

मध्य प्रदेश में भी हो सकती है बारिश

मध्य प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में भी 12 और 13 दिसंबर को हल्की बारिश की संभावना है। यहां के दमोह, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, होशंगाबाद, बैतूल, खंडवा और खरगोन में बारिश हो सकती है। हालांकि इस बारिश का कृषि पर कुछ खास फर्क ना पड़ने की बात कही गई है।