Yogi Adityanath ने गोरखपुर को दी 153 करोड़ की 52 विकास परियोजनाओं की सौगातें

अयोध्या से रविवार सुबह गोरखपुर के वनटांगिया गांव तिकोनिया नंबर तीन में दीपावली मनाने पहुंचे योगी ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए 153 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया...

Yogi Adityanath ने गोरखपुर को दी 153 करोड़ की 52 विकास परियोजनाओं की सौगातें

गोरखपुर। अयोध्या में शनिवार को दीपोत्सव का नया कीर्तिमान बनाने के बाद रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने यहांवनटांगिया गांवों के लोगों के साथ दीपावली मनाई और कहा कि सकारात्मक भाव से किया गया कोई भी संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाता। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक शनिवार को अयोध्या के दीपोत्सव में एक स्थान पर 22 लाख से अधिक दीये जलाने का नया विश्व कीर्तिमान बनाने के बाद मुख्यमंत्री ने रविवार को वनवासियों के बीच दीपावली मनाई।

बयान के मुताबिक कुसम्ही जंगल के तिकोनिया नंबर तीन में वनटांगिया समाज के लोगों के बीच दीप पर्व की खुशियां बांटते हुए मुख्यमंत्री ने वनटांगियों के हक के लिए किए गए संघर्ष को भी याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘सकारात्मक भाव से किया गया कोई भी संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाता है। वनटांगिया समाज के लिए इसी भाव से संघर्ष किया गया था और आज यह सार्थक रूप में दिख रहा है। वंचितों को शासन की सभी सुविधाएं व नागरिक अधिकार मिलना ही सही मायने में दीपावली और रामराज्य जैसा है।’’

अयोध्या से रविवार सुबह गोरखपुर के वनटांगिया गांव तिकोनिया नंबर तीन में दीपावली मनाने पहुंचे योगी ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए 153 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया गांव में गरीबों के पक्के मकान, पेयजल की सुविधा, बिजली, अच्छे विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र देखकर उन्हें बेहद प्रसन्नता होती है। उन्होंने कहा कि कल अयोध्या के भव्य दीपोत्सव को सभी लोगों ने देखा होगा। जैसे अयोध्या सज संवर रही है, वैसे ही उत्तर प्रदेश, गोरखपुर और वनटांगिया गांव भी सज संवर रहे हैं।