फिट रहने के लिए ब्लड ग्रुप के हिसाब से होनी चाहिए डाइट, जानें क्या कहती हैं एक्सपर्ट डाइटिशियन

आपके ब्लड ग्रुप के हिसाब से डाइट का सेवन करने से भी शरीर को अनोखे फायदे मिलते हैं। दरअसल, ऐसा कहा जाता है कि ब्लड ग्रुप के हिसाब से जब आप भोजन करते हैं, तो इससे आपका शरीर एक्टिव रहता है....

फिट रहने के लिए ब्लड ग्रुप के हिसाब से होनी चाहिए डाइट, जानें क्या कहती हैं एक्सपर्ट डाइटिशियन

हेल्थ डेस्क। शरीर को हेल्दी और फिट बनाए रखने के लिए डाइट का विशेष ध्यान रखना चाहिए। पोषक तत्वों से युक्त संतुलित डाइट का सेवन करने से शरीर हेल्दी रहता है और बीमारियों से भी बचाव में मदद मिलती है। आज के समय में लोग फिट और हेल्दी रहने के लिए तमाम तरह के डाइट प्लान अपनाते हैं। वजन कम करने से लेकर शरीर को स्लिम और फिट बनाने के लिए तरह-तरह के डाइट प्लान के बारे में आप सुनते होंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके ब्लड ग्रुप के हिसाब से डाइट का सेवन करने से भी शरीर को अनोखे फायदे मिलते हैं। दरअसल, ऐसा कहा जाता है कि ब्लड ग्रुप के हिसाब से जब आप भोजन करते हैं, तो इससे आपका शरीर एक्टिव रहता है और कई बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद भी मिलती है। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं ब्लड ग्रुप डाइट या ब्लड टाइप डाइट क्या है और इसके फायदे व नुकसान क्या हो सकते हैं?

ब्लड ग्रुप डाइट क्या है?

डाइट को लेकर यह कहा जाता है कि जब आप कोई भी भोजन करते हैं, तो उससे ब्लड में मेटाबॉलिक रिएक्शन होता है। भोजन में मौजूद प्रोटीन और ब्लड में मौजूद एंटीजन के कारण यह प्रतिक्रिया होती है। जब आपका भोजन ब्लड ग्रुप के हिसाब से नहीं रहता है, तो यह प्रतिक्रिया काफी तेज होती है और इसकी वजह से सेहत को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। ऐसे में तमाम डाइटिशियन यह कहते हैं कि ब्लड टाइप के हिसाब से भोजन करने से शरीर को लंबे समय तक हेल्दी और जवान बनाए रखने में मदद मिलती है। दिल्ली की फेमस डाइटिशियन विनीता सिन्हा कहती हैं कि, "ब्लड ग्रुप डाइट में आपको शरीर के ब्लड ग्रुप के हिसाब से भोजन का सेवन करने की सलाह दी जाती है। कई शोध और अध्ययनों में भी इस बात की पुष्टि की गयी है कि ऐसी डाइट अपनाने से बीमारियों का खतरा कम करने में मदद मिलती है और शरीर लंबे समय तक यंग रहता है।"

शरीर में आमतौर पर चार तरह के ब्लड ग्रुप होते हैं- A, B, AB और O इनमें नेगेटिव और पॉजिटिव ब्लड ग्रुप भी रहता है। पॉजिटिव और नेगेटिव ब्लड ग्रुप के हिसाब से डाइट का सेवन करने से शरीर को लंबे समय तक हेल्दी रखने में मदद मिलती है। वजन कम करने से लेकर बीमारियों के खतरे को कम करने में ब्लड टाइप डाइट बहुत फायदेमंद मानी जाती है।

ब्लड ग्रुप डाइट क्यों है जरूरी?

ऐसा कहा जाता है कि ब्लड ग्रुप डाइट लेने से शरीर को हेल्दी और फिट रखने में मदद मिलती है। दरअसल, खाने में लेक्टिंस नमक प्रोटीन पाए जाते हैं, ये प्रोटीन अलग-अलग ब्लड ग्रुप के हिसाब से शरीर में जाने पर मेटाबॉलिक रिएक्शन करते हैं। ऐसे में अगर आप अपने ब्लड ग्रुप के हिसाब से इन लेक्टिंस का सेवन करेंगे, तो रिएक्शन का असर कम होगा और शरीर हेल्दी रहेगा। भोजन में मौजूद लेक्टिंस वैसे तो हानिकारक नहीं होते हैं, लेकिन ब्लड ग्रुप के हिसाब से नहीं होने पर इनका कुछ असर देखने को मिलता है।

किस ब्लड ग्रुप के लिए कौन सी डाइट?

A ब्लड ग्रुप- A ब्लड ग्रुप वाले लोगों का इम्यून सिस्टम संवेदनशील होता है। ऐसे में ए ब्लड ग्रुप वाले लोगों को कार्ब्स की उचित मात्रा वाले फूड्स का सेवन करना चाहिए। इस ब्लड ग्रुप में फैट का सेवन बहुत कम करना चाहिए। ब्लड टाइप डाइट के अनुसार ए ब्लड ग्रुप वाले लोगों को चावल, कद्दू, मूंगफली, सोया फ़ूड, किशमिश, मशरूम, अदरक और राई आदि का सेवन करना चाहिए। 

B ब्लड ग्रुप- बी ब्लड ग्रुप वाले लोग हर तरह के संतुलित डाइट का सेवन कर सकते हैं। इस ब्लड ग्रुप में आप सब्जियां, फिश, कार्ब्स, दूध और दही का सेवन करें। इसके अलावा डाइट में प्रोटीन की मात्रा ज्यादा रखने से फायदा मिलेगा। हालांकि बी ब्लड ग्रुप वाले लोगों को प्रोसेस्ड फूड्स, मूंगफली, मसूर आदि का सेवन कम करना चाहिए।

AB ब्लड ग्रुप- ब्लड ग्रुप एबी वाले लोगों को हेल्दी और फिट रहने के लिए मांस-मछली, सब्जियां, दूध और इससे बने प्रोडक्ट्स का सेवन करना चाहिए। इसके अलावा हेल्दी रहने के लिए डाइट में हाई प्रोटीन फूड्स जरूर शामिल करें। AB ब्लड ग्रुप में रेड मीट, मक्का और हैवी फूड्स का सेवन करने से बचना चाहिए।

O ब्लड ग्रुप- ओ ब्लड ग्रुप में एलर्जी, बुखार और एग्जिमा जैसी बीमारियों का खतरा ज्यादा रहता है। ऐसे में इस ब्लड ग्रुप वाले लोगों को डाइट में हाई प्रोटीन फूड्स के अलावा अनाज और बीन्स का सेवन करना चाहिए।

शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता ब्लड ग्रुप के हिसाब से अलग-अलग होती है। ऐसे में ब्लड टाइप के हिसाब से डाइट लेने से आपका शरीर बीमारियों से लड़ने में अधिक सक्षम होता है। ब्लड टाइप के हिसाब से डाइट अपनाने से पहले आपको अपने डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए।