राज्यपाल ने की देश-प्रदेश की खुशहाली और निरोगी जीवन की कामना

राज्यपाल ने की देश-प्रदेश की खुशहाली और निरोगी जीवन की कामना

सिरोही। राज्यपाल कलराज मिश्र ने सोमवार को राज्य की प्रथम महिला सत्यवती मिश्र के साथ आबू पर्वत स्थित धार्मिक आस्था के प्रमुख केन्द्र अचलेश्वर महादेव मंदिर स्थित भगवान शिव के दर्शन किए। उन्होंने सपरिवार मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली के साथ ही लोगों के निरोगी जीवन की कामना की। राज्यपाल मिश्र ने बाद में शिव मंदिर के गर्भगृह के बाहर स्थित वराह, नृसिंह, वामन, कच्छप, मत्स्य, कृष्ण, राम, परशुराम, बुद्ध व कलंगी अवतारों की काले पत्थर की भव्य मूर्तियां को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि माउंट आबू अद्र्ध काशी है। यह रमणीय पर्वतीय पर्यटन स्थल ही नहीं है बल्कि धार्मिक आस्था का भी पावन धाम है। उन्होंने अचलेश्वर मंदिर की पवित्रता को बनाये रखते हुए स्थानीय स्तर पर स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखे जाने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने मेवाड़ के राणा कुंभा द्वारा पहाड़ी के ऊपर बनवाये गए अचलगढ़ और अचलेश्वर महादेव मंदिर को पवित्र और अद्भुत बताते हुए अचलगढ़ स्थित मंदिरों और स्थापत्य सौंदर्य स्थलों की सराहना भी की।

राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट

राज्यपाल मिश्र से सोमवार को माउन्ट आबू राजभवन में नगरपालिका माउन्ट आबू के अध्यक्ष जीतू राणा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश थिंगर, संयुक्त व्यापार महासंघ आबू रोड के अशोक गर्ग एवं अरूण बंसल और पूर्व कुलपति शिक्षाविद कैलाश सोडानी ने मुलाकात की। राज्यपाल मिश्र से इनकी यह शिष्टाचार भेंट थी।